रायगढ़ में फिर पकड़ी गई अफीम की अवैध खेती, प्रशासन अलर्ट

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती लगातार सामने आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। तमनार के बाद अब रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र के घटगांव में अफीम की खेती पकड़ी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।

बताया जा रहा है कि घटगांव में अफीम की खेती सब्जियों की बाड़ी के बीच छिपाकर की जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो। इससे पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था।

जांच में यह भी पता चला कि झारखंड निवासी मार्शल सांगा पिछले 10–12 वर्षों से इस क्षेत्र में अफीम की खेती कर रहा था। उसने आमाघाट के एक किसान से तरबूज और ककड़ी की खेती के नाम पर जमीन ली और उसी आड़ में अवैध खेती शुरू कर दी। मार्शल सांगा पहले से झारखंड में इस अवैध कारोबार से जुड़ा था और उसी मॉडल को रायगढ़ में भी लागू कर रहा था।

बीते 15–17 दिनों में राज्य में अफीम की खेती के लगातार पांच बड़े मामले सामने आए हैं। दुर्ग, बलरामपुर और रायगढ़ में करोड़ों की अफीम बरामद की जा चुकी है। लगातार खुलासे यह संकेत देते हैं कि प्रदेश में अवैध नशे का नेटवर्क काफी जड़ें जमा चुका है।

प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस पूरे नेटवर्क के पीछे कोई संगठित गिरोह या संरक्षण तो नहीं है।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts