दुर्ग : प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई ने हलचल बढ़ा दी है। ईडी की टीम ने भाजपा नेता और अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के महेश कॉलोनी स्थित आवास पर छापा मारा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले को लेकर की गई है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कोयला कारोबार से जुड़ा नाम
चतुर्भुज राठी अमर इंफ्रा के प्रमुख हैं, जो इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में सक्रिय एक बड़ी कंपनी मानी जाती है। हाल के समय में उनके कोयला कारोबार में भी प्रवेश करने की चर्चा रही है, जिससे उनका व्यावसायिक दायरा और विस्तृत हुआ है।
1986 से खड़ा किया कारोबारी साम्राज्य
अमर बिल्डर्स की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राठी ने वर्ष 1986 में एकल स्वामित्व के रूप में इस कंपनी की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे कंपनी ने विस्तार करते हुए देशभर में कई बड़े प्रोजेक्ट्स हासिल किए और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
जांच के बाद ही साफ होगी तस्वीर
फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद भारतमाला परियोजना से जुड़े संभावित वित्तीय लेन-देन और अनियमितताओं को लेकर और बड़े खुलासे हो सकते हैं।








