पत्नी के मायके जाने से नाराज पति हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमंदी में एक युवक फिल्म शोले के वीरू की तरह 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। मुकेश सांडे नामक यह युवक अपनी पत्नी के मायके जाने से नाराज था।

अक्सर होने वाले घरेलू विवाद के कारण उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी, जिसे वापस बुलाने के लिए उसने यह जानलेवा कदम उठाया। सोमवार शाम नशे की हालत में टावर पर चढ़कर वह घंटों तक हंगामा करता रहा और करंट की तारों को छूने की धमकी देता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक नीचे उतरने के लिए इस शर्त पर अड़ा था कि उसकी पत्नी तुरंत घर वापस आए।

पुलिस अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवक की पत्नी से फोन पर बात की। पत्नी द्वारा विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की सहमति देने के बाद युवक ढाई घंटे बाद नीचे उतरा। पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए युवक को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल भेजा।

news portal development company in india
marketmystique