रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के साथ असम दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गुवाहाटी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।भारतीय जनता पार्टी की लगातार जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
असम में भाजपा की जीत को बताया ऐतिहासिक
असम रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपकर ऐतिहासिक जनादेश दिया है।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता ने एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की नीतियों और कामकाज पर जनता की मुहर बताया।
हिमंता सरमा के नेतृत्व की तारीफ
सीएम साय ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में तेजी से विकास कार्य हुए हैं। राज्य में बुनियादी सुविधाओं, कानून व्यवस्था और जनकल्याण योजनाओं को मजबूत किया गया, जिसका असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया।उन्होंने कहा कि असम में भाजपा की शानदार जीत पूरे संगठन और नेतृत्व के लिए गर्व की बात है।
भाजपा नेतृत्व को देंगे शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ गुवाहाटी पहुंचकर हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा नेतृत्व को नई सरकार के गठन के लिए शुभकामनाएं देंगे।राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह शपथ ग्रहण समारोह भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है, जहां कई राज्यों के वरिष्ठ नेता एक मंच पर नजर आएंगे।








