CG Petrol Diesel Crisis: रायपुर में पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें, तेल भरवाने उमड़ी भीड़ के बाद प्रशासन अलर्ट

CG Petrol Diesel Crisis : छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर शुक्रवार रात से ही भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद लोगों में पैनिक बाइंग शुरू हो गई है।

हालात ऐसे बन गए कि कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर लेकर तेल भरवाने के लिए देर रात तक इंतजार करते नजर आए।

रायपुर के कई पंप हुए ड्राई, फिर भी नहीं लगी कोई लिमिट

शनिवार सुबह से ही राजधानी रायपुर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई। लगातार बढ़ती मांग की वजह से कुछ पंपों में पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया, जिसके बाद उन्हें ड्राई घोषित करना पड़ा।

हालांकि राहत की बात यह है कि रायपुर में फिलहाल पेट्रोल और डीजल खरीदने पर कोई लिमिट लागू नहीं की गई है। जिन पंपों पर तेल उपलब्ध है, वहां लोग अपनी जरूरत के हिसाब से फ्यूल भरवा रहे हैं।

प्रशासन हुआ सख्त, पंप संचालकों को जारी किए निर्देश

स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि पंप बंद नहीं किए जाएं और हर स्थिति पर नजर रखी जाए।

मध्य जोन प्रशासन ने पंपों पर हेल्पलाइन और इमरजेंसी नंबर वाले पोस्टर लगाने को कहा है। साथ ही 24 घंटे सीसीटीवी चालू रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की अफरा-तफरी या अव्यवस्था को रोका जा सके।

अब बोतल और ड्रम में नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल

जमाखोरी रोकने और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक ईंधन पहुंचाने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब छत्तीसगढ़ में बोतल, ड्रम या अन्य कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल देने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

सरकार और प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि घबराहट में जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें।

गरियाबंद में लागू हुई नई लिमिट

जहां रायपुर में अभी किसी तरह की सीमा तय नहीं की गई है, वहीं गरियाबंद जिले में प्रशासन ने नया नियम लागू कर दिया है। यहां अब टू-व्हीलर चालकों को अधिकतम 300 रुपये और फोर-व्हीलर को 1000 रुपये तक का पेट्रोल-डीजल ही दिया जाएगा।

क्यों बढ़ी है पेट्रोल-डीजल को लेकर चिंता?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और ग्लोबल संकट के कारण देशभर में पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ है। इसी के बाद लोगों में फ्यूल की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई और कई जगहों पर पैनिक बाइंग शुरू हो गई।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts