बड़ा रेल हादसा टला! कोयला लोडिंग के दौरान मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा, 3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कुसमुंडा स्थित KAMKA साइडिंग में कोयला लोडिंग के दौरान मालगाड़ी का इंजन अचानक पटरी से उतर गया। घटना में इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते कर्मचारियों और चालक की नजर घटना पर पड़ गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए कोयला लोडिंग और परिवहन कार्य प्रभावित रहा।

लोडिंग के दौरान अचानक उतरे पहिए, मच गया हड़कंप

जानकारी के मुताबिक कुसमुंडा सायलो साइडिंग में मालगाड़ी में कोयला भरा जा रहा था। इसी दौरान इंजन के पहिए अचानक पटरी से उतर गए। घटना होते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी।सूचना मिलते ही रेलवे और South Eastern Coalfields Limited के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद राहत और मरम्मत कार्य तेजी से शुरू कराया गया।

तीन घंटे तक चला रेस्क्यू, फिर पटरी पर लौटा इंजन

घटना के बाद रेलवे की ATR टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने पटरी से उतरे इंजन को दोबारा ट्रैक पर लाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत और तकनीकी प्रयासों के बाद करीब तीन घंटे में इंजन के सभी पहियों को फिर से पटरी पर चढ़ाया जा सका।इस दौरान कुसमुंडा साइडिंग में कोयला लोडिंग का काम प्रभावित रहा, हालांकि अधिकारियों ने दावा किया कि मुख्य रेलवे परिवहन व्यवस्था पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।

रेलवे अधिकारियों ने क्या कहा?

कोरबा रेलवे के एआरएम Utkarsh Gaurav ने बताया कि सूचना मिलते ही ATR टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया था। टीम ने तेजी से काम करते हुए इंजन को सुरक्षित तरीके से वापस ट्रैक पर ला दिया।उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और रेलवे परिचालन भी सामान्य बना हुआ है। फिलहाल इंजन के पटरी से उतरने के कारणों की जांच की जा रही है।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts