गुना में हवाला-घूसखोरी कांड, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड…जांच जारी

MP News: मध्य प्रदेश के गुना जिले में कथित हवाला और घूसखोरी का मामला सामने आने के बाद पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक कारोबारी से एक करोड़ रुपये के मामले को 20 लाख में सेटल करने की खबर ने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। मामले के उजागर होते ही चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

यह घटना 19 मार्च 2026 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुना के रुठियाई चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने गुजरात नंबर की एक स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी से करीब एक करोड़ रुपये बरामद हुए। आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करने के बजाय 20 लाख रुपये लेकर मामला रफा-दफा कर दिया और बाकी रकम वापस कर दी। हैरानी की बात यह रही कि न तो कारोबारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और न ही आयकर विभाग को इसकी सूचना दी गई।

जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया पर सामने आया, प्रशासन हरकत में आया। ग्वालियर रेंज के डीआईजी अमित सांघी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। चौकी के रिकॉर्ड खंगाले गए और घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। इतनी बड़ी राशि मिलने के बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों और आयकर विभाग को सूचना नहीं दी गई। साथ ही, पुलिसकर्मियों द्वारा कारोबारी से सौदेबाजी करने के संकेत भी मिले हैं।

गुना हवाला कांड अब तूल पकड़ चुका है और मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts