आर्मी जवान से बड़ा फ्रॉड, 2 लाख के लोन की जगह 17 लाख का खेल, बैंक कर्मचारी पर केस दर्ज

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आर्मी जवान के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम ओडारसकरी निवासी जवान ने गुंडरदेही स्थित एक निजी बैंक में 2 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था, लेकिन बैंक कर्मचारी की हेराफेरी से यह राशि 17 लाख रुपये तक पहुंच गई।

कैसे हुआ पूरा खेल, खाते से 15.50 लाख गायब
आरोप है कि बैंक में पदस्थ कर्मचारी रेखराम साहू ने दस्तावेजों में गड़बड़ी करते हुए 2 लाख की जगह 17 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करा दिया। इसके बाद जैसे ही लोन की रकम खाते में आई, आरोपी ने 15 लाख 50 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर करवा लिए। जवान की पोस्टिंग फिलहाल जम्मू कश्मीर में बताई जा रही है।

किस्त भरने के दबाव से खुला पूरा मामला
जवान को इस ठगी की जानकारी तब मिली, जब बैंक की ओर से लोन की किस्त जमा करने के लिए दबाव बनाया गया। जांच करने पर पता चला कि उनके नाम पर 17 लाख रुपये का लोन निकाला जा चुका है, जबकि उन्होंने केवल 2 लाख रुपये के लिए आवेदन किया था।

शिकायत के बाद पुलिस हरकत में, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
ठगी का पता चलते ही आर्मी जवान ने गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बैंक कर्मचारी रेखराम साहू के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच जारी, बैंकिंग सिस्टम पर उठे सवाल
गुंडरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना ने बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा और पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

news portal development company in india
marketmystique