दुर्ग में खाकी हुई शर्मसार! ज्वेलरी शॉप में लेडी हेड कॉन्स्टेबल ने महिला के बाल खींचकर पीटा, वीडियो वायरल

CG News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ज्वेलरी शॉप विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला और लेडी हेड कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट दिखाई दे रही है।

एडवांस रकम को लेकर शुरू हुआ पूरा विवाद

मामले की शुरुआत 19 अप्रैल को हुई, जब पीड़िता जया गाड़े अपनी मां के साथ सहेली ज्वेलर्स पहुंची थीं। उन्होंने गहने बनवाने के लिए दिए गए 50 हजार रुपये एडवांस वापस मांगे थे, क्योंकि उन्होंने 15 अप्रैल को दिया गया ऑर्डर रद्द कर दिया था। आरोप है कि दुकान संचालक ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

कहासुनी से बढ़कर मारपीट तक पहुंचा मामला

दुकान में दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि मौके पर पहुंची महिला हेड कॉन्स्टेबल लता सुमन साहू ने स्थिति को समझे बिना महिला के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई।

गंभीर आरोप, ऑपरेशन वाली जगह पर लात मारने का दावा

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका हाल ही में पेट का ऑपरेशन हुआ था, बावजूद इसके उसी स्थान पर लात मारी गई। साथ ही मारपीट के दौरान उसके कपड़े फट गए और मोबाइल फोन को भी नुकसान पहुंचाया गया। उसकी मां के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप लगाया गया है।

थाने के अंदर भी मारपीट के आरोप, जांच पर सवाल

महिला ने यह भी दावा किया है कि शिकायत दर्ज कराने के बजाय पुलिस ने उसके खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया। आरोप है कि थाने के अंदर भी उसके साथ मारपीट हुई और थाना प्रभारी नवीन राजपूत पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है।

एसएसपी से शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग

पूरे मामले को लेकर पीड़िता ने विजय अग्रवाल से शिकायत कर संबंधित पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे मामला और भी संवेदनशील बना हुआ है।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts