पटना। बिहार में एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुआई वाली सरकार में आज बड़े स्तर पर कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, करीब 28 मंत्री शपथ ले सकते हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की है, जो पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। इसे जेडीयू में नई पीढ़ी की एंट्री और भविष्य की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। बिहार से जुड़े केंद्रीय मंत्री और एनडीए सहयोगी दलों के नेता भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
इधर, जेडीयू और एनडीए नेताओं की मुख्यमंत्री आवास पर लगातार बैठकें जारी हैं। कैबिनेट विस्तार को बिहार की राजनीति में बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है।








