गुपचुप का स्वाद पड़ा भारी, 25 लोग फूड पॉयजनिंग का शिकार

सारंगढ़-बिलाईगढ़। अगर आप भी सड़क किनारे मिलने वाले चाट-गुपचुप के शौकीन हैं, तो यह खबर आपको सावधान कर सकती है। जिले के रेड़ा गांव में गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक ही ठेले से खाया गुपचुप, कुछ ही घंटों में दिखा असर
मिली जानकारी के अनुसार गांव में एक ठेले पर बिक रहे गुपचुप को खाने के कुछ घंटे बाद ही लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। प्रभावित लोगों में ज्यादातर महिलाएं हैं, साथ ही तीन बच्चे भी इस घटना की चपेट में आए हैं। सभी ने एक ही ठेले से गुपचुप खाया था, जिससे फूड पॉयजनिंग की आशंका और मजबूत हो गई है।
अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
हालत बिगड़ने पर परिजनों ने बिना देर किए मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ के अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की स्थिति पर नजर रखे हुए है।
डॉक्टर बोले: अब स्थिति नियंत्रण में, फूड पॉयजनिंग की पुष्टि
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के अनुसार सभी मरीजों की हालत पहले से बेहतर है। प्राथमिक जांच में फूड पॉयजनिंग की पुष्टि हुई है, हालांकि विस्तृत जांच के लिए सैंपल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग सतर्क, जिम्मेदारी पर उठे सवाल
घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच की बात कही है।
इस घटना के बाद बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की निगरानी कौन करेगा और लोगों की सेहत के साथ हो रहे इस लापरवाही भरे खेल के लिए जिम्मेदार कौन है।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts