बोर्ड परीक्षा का वीडियो वायरल पड़ गया भारी, महासमुंद में 5 कर्मचारी सस्पेंड

महासमुंद। बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। महासमुंद जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परीक्षा केंद्र में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षक सहित पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कैमरा लेकर एग्जाम हॉल पहुंची छात्रा

मामला परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 से जुड़ा है, जहां बोर्ड परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। जानकारी के अनुसार एक छात्रा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस यानी डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर गई।

छात्रा ने परीक्षा के दौरान वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही

जिला शिक्षा अधिकारी की प्रारंभिक जांच में पाया गया कि परीक्षा केंद्र में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का सही तरीके से पालन नहीं किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर इसे गंभीर कदाचार मानते हुए कार्रवाई की गई।

इन कर्मचारियों पर गिरी गाज

कार्रवाई के तहत जिन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, उनमें केंद्र अध्यक्ष गंगा प्रसाद पटेल, सहायक केंद्र अध्यक्ष अनिरुद्ध भोई और दिनेश कुमार दास, पर्यवेक्षक दुर्गाप्रसाद पटेल और भृत्य विजिया बुड़ेक शामिल हैं।

निलंबन अवधि में महासमुंद रहेगा मुख्यालय

आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

7 दिन में मांगा गया आरोप पत्र

लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सात दिनों के भीतर आरोप पत्र तैयार कर संचालनालय को भेजा जाए।

परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शिक्षा विभाग अब परीक्षा केंद्रों में जांच और निगरानी को और सख्त करने की तैयारी में जुट गया है।

news portal development company in india
marketmystique