बिलासपुर में स्वच्छता टीम पर गिरी गाज: वसूली और बदसलूकी के आरोप में प्रभारी सस्पेंड, CCTV से खुला मामला

छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में स्वच्छता अभियान के नाम पर चल रही पेट्रोलिंग टीम पर गंभीर आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। नगर निगम कमिश्नर ने स्वच्छता पेट्रोलिंग के प्रभारी वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार पंकज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

बिना रसीद वसूली और अभद्रता: शिकायत ने पकड़ी रफ्तार

मामला तब सामने आया जब एक दुकानदार ने आरोप लगाया कि पेट्रोलिंग टीम ने उससे जुर्माना वसूला लेकिन रसीद नहीं दी। इसके अलावा टीम पर अभद्र व्यवहार करने और दुकान से बिना भुगतान किए खाने पीने का सामान लेने के आरोप भी लगे।दुकानदार ने इन आरोपों के समर्थन में नगर निगम को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया और जांच शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान लापरवाही: धूम्रपान और मुफ्त सामान लेने का आरोप

जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को जोन 6 के मिश्रा किराना स्टोर में प्रतिबंधित पॉलिथिन जब्ती की कार्रवाई के दौरान टीम के प्रभारी पर कई अनियमितताओं के आरोप लगे।बताया गया कि कार्रवाई के दौरान उन्होंने बिना पैसे दिए कोल्ड ड्रिंक ली और सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान भी किया। साथ ही जुर्माने की निर्धारित राशि लेने के बावजूद तुरंत रसीद नहीं दी गई, बल्कि शिकायत के बाद अगले दिन रसीद जारी की गई।

कमिश्नर का सख्त फैसला: तत्काल निलंबन

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकाश कुमार सर्वे ने सख्त कदम उठाते हुए दीपक कुमार पंकज को सस्पेंड कर दिया। आदेश में स्पष्ट कहा गया कि इस तरह की हरकतों से निगम की छवि धूमिल हुई है और स्वच्छता अभियान पर नकारात्मक असर पड़ा है।निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित किया गया है और नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

मेयर पति पर भी आरोप: शिकायत के बावजूद कार्रवाई का इंतजार

इस पूरे विवाद में एक और पहलू सामने आया है। स्वच्छता प्रभारी दीपक कुमार पंकज ने अशोक विधानी पर गाली गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे सवाल खड़े हो रहे हैं।

सिस्टम पर सवाल: कार्रवाई एकतरफा या निष्पक्ष जांच?

इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्वच्छता अभियान की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां फुटेज के आधार पर अधिकारी पर कार्रवाई हुई है, वहीं दूसरी ओर अन्य आरोपों पर चुप्पी चर्चा का विषय बनी हुई है।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts