छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी: 4 दिन में 5 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा, मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से मौसम में दिख रहा उतार-चढ़ाव अब धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है। बारिश और अंधड़ का असर कमजोर पड़ने के बाद अब प्रदेश में एक बार फिर तेज गर्मी लौटने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले चार दिनों में तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि कुछ इलाकों में अब भी मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

बिलासपुर सबसे गर्म, पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर रहे सबसे ठंडे

सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद गर्मी का असर बना रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

26 मई के बाद केरल पहुंच सकता है मानसून

मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है। विभाग के मुताबिक 26 मई के बाद मानसून केरल में दस्तक दे सकता है। हालांकि इसमें चार दिन तक की संभावित त्रुटि भी बताई गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार क्षेत्र के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का सिस्टम सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर देखने को मिल रहा है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी Raipur में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना जताई गई है। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

गर्मी बढ़ने से बढ़ सकती है परेशानी

तापमान में तेजी आने के साथ ही दोपहर के समय लू जैसे हालात बनने की आशंका भी बढ़ सकती है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।

news portal development company in india
marketmystique
Recent Posts