बीजापुर। बीजापुर जिले में पिछले दो सप्ताह से जारी नक्सल रोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने सोमवार को हुई एक मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया। इस अभियान के दौरान अब तक चार महिला नक्सलियों के शव बरामद किये गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों और छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा स्थित पहाड़ियों में 21 अप्रैल को ‘मिशन संकल्प’ नामक अभियान शुरू किया गया था, जिसमें लगभग 24 हजार जवान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सोमवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से महिला नक्सली का शव और 303 राइफल बरामद की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से मिले निशान से अन्य नक्सलियों के भी मारे जाने और घायल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अब तक इस अभियान के दौरान पिछले 12 दिनों में चार महिला नक्सलियों के शव और अनेक हथियार बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के दक्षिण पश्चिम सीमावर्ती क्षेत्र अंतर्गत जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षा बल के जवानों को नक्सल रोधी अभियान पर रवाना किया गया था।
उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में शुरू किए गए सबसे बड़े नक्सल रोधी अभियानों में से एक इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और छत्तीसगढ़ पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन (कोबरा) के जवान समेत विभिन्न इकाइयों के जवान शामिल हैं।